हाइकु लेखन
मंद शीतल बयार,
धरा ने ओढ़ी नई चादर,
वसंत लौटा है ..!
नीली चादर पर
चढ़ा लालिमा रंग धीमे,
सूर्योदय हुआ है..!
साबुन की टिक्की
सा जिम्मेदारियों में घिसते,
पिता जो हैं..!
एक बूंद ने
समेटा रंगों का संसार,
औंस पर सूर्यकिरण...!
भीतर का शोर,
शून्यता की ओर चला,
प्रकृति संग गुफ्तगू..!
बेजान बगिए में,
खेली होली प्रकृति ने,
खिला फ्योली फूल...।
जो भगीरथ सा,
एक पैर पर खड़ा रहा,
वह वृक्ष है..।
खिलखिलाता प्यारा बच्चा,
चमकती दंतुरित मुस्कान उसकी,
लौटता बचपन मुझमें..।
जो सुन लेती है,
अनकही बात भी मेरी,
बस मां है।
मद्धम चलती हवा,
पत्ते गिरते हैं चुपचाप,
शरद मुस्कुराता है।
रिमझिम बारिश हुई,
हरियाली में पक्षी चहचहाए,
प्रकृति गुनगुनाती है।
शहर की भीड़
में भी अकेला था,
मै अपने भीतर।
आकाश और धरा
की गुफ्तगू हुई है,
मध्यम हवा चली...!
काफी समय पहले से लिखी गई छोटी स्वरचित हाइकु संग्रह...(Note- हाइकु जापान की एक अत्यंत लोकप्रिय और पारंपरिक काव्य शैली है। यह दुनिया की सबसे छोटी कविताओं में से एक मानी जाती इसमें केवल 3 पंक्तियाँ होती हैं।)
Beautiful ✍️👌
ReplyDeleteBeautiful ❤️
ReplyDelete