Posts

हाइकु लेखन

मंद शीतल बयार, धरा ने ओढ़ी नई चादर, वसंत लौटा है ..! नीली चादर पर चढ़ा लालिमा रंग धीमे, सूर्योदय हुआ है..! साबुन की टिक्की सा जिम्मेदारियों में घिसते, पिता जो हैं..! एक बूंद ने समेटा रंगों का संसार, औंस पर सूर्यकिरण...! भीतर का शोर, शून्यता की ओर चला, प्रकृति संग गुफ्तगू..! बेजान बगिए में, खेली होली प्रकृति ने, खिला फ्योली फूल...। जो भगीरथ सा, एक पैर पर खड़ा रहा, वह वृक्ष है..। खिलखिलाता प्यारा बच्चा, चमकती दंतुरित मुस्कान उसकी, लौटता बचपन मुझमें..। जो सुन लेती है, अनकही बात भी मेरी, बस मां है। मद्धम चलती हवा, पत्ते गिरते हैं चुपचाप, शरद मुस्कुराता है। रिमझिम बारिश हुई, हरियाली में पक्षी चहचहाए, प्रकृति गुनगुनाती है। शहर की भीड़  में भी अकेला था, मै अपने भीतर।  आकाश और धरा  की गुफ्तगू हुई है, मध्यम हवा चली...! काफी समय पहले से लिखी गई छोटी स्वरचित हाइकु संग्रह.. .(Note- हाइकु   जापान की एक अत्यंत लोकप्रिय और पारंपरिक काव्य शैली है। यह दुनिया की सबसे छोटी कविताओं में से एक मानी जाती इसमें केवल 3 पंक्तियाँ होती हैं।)

बारिश में आती लगातार कमी।

इस वर्ष शीतकालीन वर्षा हो या अभी मानसून के आने से जून में होने वाली वर्षा हो दोनों में ही बहुत कमी दर्ज की गई है। शीतकाल में उत्तराखंड में तो बिल्कुल नगण्य मात्र में ही रही है वर्षा। वहीं जून में मानसून की बारिश देश भर में औसत से 40 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि इसका एक कारण अल नीनो का प्रभाव है लेकिन इसके अन्य कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। जैसे वृक्षों की संख्या का घटते जाना।  वृक्ष वाष्पोत्सर्जन नामक प्रक्रिया द्वारा वर्षा उत्पन्न और नियंत्रित करते हैं । उनकी जड़ें मिट्टी से भूजल खींचकर उसे जलवाष्प के रूप में वायुमंडल में छोड़ती हैं। जैसे-जैसे यह नमी ऊपर उठती है, ठंडी होकर बादल बनाती है और वर्षा के रूप में वापस पृथ्वी पर गिरती है, जिससे एक निरंतर, स्व-संचालित स्थानीय और क्षेत्रीय जल चक्र बनता है। यही कारण है कि गर्मी में यह वाष्पोत्सर्जन की प्रकिया से मैदानों की अपेक्षा वृक्षों वाले पहाड़ी भागों में बादल अधिक बनते हैं फलस्वरूप वहां मैदानों की अपेक्षा बारिश भी अधिक होती है और बढ़ते बढ़ते यह अनियंत्रित होकर बाढ़, भूस्खलन, जलभराव, भू धसाव जैसी समस्याओं को जन्म देती...

कविता

शब्दों से होकर रूह तक उतर जाए, भावनाओं के प्रवाह से हृदय भर जाए, विचार मौन होकर शब्दों में रम जाए, कविता के स्पर्श से मन फिर से आनंदित हो जाए, शब्दों के जादू का हमें भान हो जाए, ऊर्जा की नव तरंगों का गान हो जाए, चहक उठे बंद पड़े मृत गान, थिरक उठे तन और मन, शब्दों का मानो कुछ ऐसा प्रभाव हो जाए, मौन शब्दों को एक नया भाव मिल जाए, मन में दबी असंख्य बातों को आवाज मिल जाए, शब्दों का पाठक से ऐसा अद्भुत वार्तालाप हो जाए, जब पाठक का कविता से तार जुड़ जाए..! (Note: यह कविता काफ़ी पुरानी है 😁)  

Random Thoughts

हम जिनको सम्पूर्ण मानते हैं, कमी उन में भी होती है, हम जिन्हें खुशमिजाज मानते है, ग़म दिल में उनके भी छिपे होते हैं, जो नहीं बताते बाते हर किसी से, बातें कई उनके दिलों में भी छिपी होती है, जो करते हैं सबकी मदद हर वक्त, मदद के हाथ की जरूरत उनको भी होती है, जो मुस्कुरा देते हैं हर बात पर, दिल पर ज़ख्म उनके भी बहुत होते है, जो देते नहीं पलट कर जवाब हर बार, अंदर उनके भी बहुत बातें मौन होती हैं, जिंदगी का मसला कुछ यूं ही है, व्यक्ति की पहचान आसानी से कहां होती है..! प्राची डिमरी

क्या आप खुश हैं...?

हाल ही में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के वेल बीइंग सेंटर द्वारा जारी वैश्विक प्रसन्नता सूचकांक में फिनलैंड ने लगातार नौवें बार प्रथम स्थान हासिल किया है और इसके बाद लगभग 7 वें 8 वें स्थान तक स्कैंडेवियन देश ही है यहां तक कि USA , ऑस्ट्रेलिया जैसे देश जहां तकनीक और सुविधाओं की कोई कमी नहीं है वो भी इसमें इन देशों से पीछे हैं। लेकिन जब बात करते हैं भारत की तो हमारा स्थान 147 देशों की सूची में 116 वाँ है यह कहीं न कहीं दयनीय स्थिति जैसी ही लगती है। भारत जो प्राचीन काल में खुशहाली , शांति और समृद्धि का प्रतीक रहा है उसकी स्थिति लगातार पिछड़ क्यों रही है। रिपोर्ट में भारत की इस स्थिति के तीन कारण बताये गए हैं। 1. भारत में आर्थिक असुरक्षा का बढ़ते जाना। 2. डिजिटल अकेलापन तथा 25 साल से कम उम्र के युवाओं में सबसे अधिक खुशी में गिरावट देखी गई है। और इसकी वजह उनके पास रोजगार की कमी नहीं बल्कि उनका अपने जीवन से असंतुष्ट होना है तथा दूसरों से जुड़ाव महसूस न होना जिसे दूर करने के लिए वे डिजिटल स्क्रीन की मदद लेते हैं और इस प्रकार वो डिजिटल अकेलापन के शिकार होते जाते है। 3. सामाजिक सहयोग ...

वसंत ..!

वर दे वीणा वादिनि वर दे, पुष्पों की ताजगी सा तन मन भर दे, नव संकल्प दे, नव हौसले दे , बासंती परिधान सा तरोताजा कर दे, नव पथ दे, नव बुलंदियां दे, नएपन की खूबसूरती से जीवन भर दे, नव ज्ञान दे,  नव धैर्य दे, सुरों की झंकार सा नव जीवन गान दे, नव विवेक दे, नव बुद्धि दे, कुसुमाकर के सौंदर्य से चेतना को भर दे, नव गीत दे, नव उमंग दे, सूर्य की किरणों सा नव तेज दे, नव शब्द दे,  नव अर्थ दे, बुद्धि को नव चेतना से भर दे, नव दृष्टि दे, नव रूप दे, धरा के नव रूप के रस से हृदय भर दे...! प्राची डिमरी

महिलाएं अपने लिए कम सोचती है..!

महिलाएं खुद के बारे में कम सोचती हैं, जैसे वक्त सबके लिए, अपने लिए कम, ख़्याल सबका,  अपना कम, वक्त बेवक्त भी मौजूद रहती हैं सबके लिए, पर अपने लिए कम, उन्हें खुद पर वक्त जाया करना खर्च और दूसरों पर जाया करना पूंजी लगता है, उनकी प्राकृतिक रचना भले ऐसे न हुई हो, पर उनकी मानसिक रचना ऐसे हो जाती है, वे बहुत बोलती हैं सबसे, पर खुद से कम, बहुत करती हैं सबके लिए, पर अपने लिए कम, इस ज्यादा और कम में  वो अपना हिस्सा ढूंढना  हमेशा भूल जाती हैं, वे हमेशा पास होती हैं सबके, पर खुद से दूर,  सुनती सबकी हैं, पर अपनी कम, सबकी ज़िंदगी आसान बनाती हैं, पर खुद चैन की सांस लेने को व्यर्थ मानती हैं, वे इस आसान और व्यर्थ के बीच, अपने लिए ठहरना भूल जाती हैं, अपनी बातों को अनकहा,  अनसुना ही रहने देती हैं, महिलाएं खुद के बारे में कम सोचती हैं..! प्राची डिमरी