संवाद
हाल ही में भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है उससे हम सभी भली भांति परिचित है। इसने जहां एक ओर विश्व में भारत की छवि को और प्रगाढ़ किया है वहीं हमें विचार करने के कई सारे दृष्टिकोणों से भी रुबरू कराया है जो हम सभी के अपने अपने अनुसार अलग-अलग हो सकता है। वह चाहे ISRO की मेहनत का हो या निरंतर प्रयासरत रहना हो या फिर भारत का अंतरिक्ष के क्षेत्र में बढ़ता वर्चस्व हो
किंतु इस सबके साथ जो एक अन्य दृष्टिकोण उभरता है वह है संवाद यानी संपर्क। हम सभी जानते हैं की पिछले साल मिशन चंद्रयान 2 के पूर्णरूप से सफ़ल न होने का एक ही कारण था कि लैंडर से हमारा संपर्क टूट चुका था और इस बार मिशन चंद्रयान 3 की सफलता के मायने भी कहीं न कहीं संपर्क यानी संवाद पर ही टिके हैं, लैंडर हमें अगले 14 दिनों में चांद की जो भी जानकारियां भेजेगा उसका अध्ययन करके चांद के अन्य रहस्यों के बारे में भी पता किया जाएगा।
यह तो बात हुई चंद्रयान की जो खुद में विलक्षण है, अदभुत है। किंतु यदि इसी को जीवन से जोड़कर देखें तो हमें यहां संवाद के असल मायने पता चलते है। संवाद की हमारे जीवन में एक अहम महत्ता होती है फिर वो चाहे खुद के साथ हो, प्रकृति के साथ हो या फिर अपने किसी करीबी के साथ। जब कभी भी इस संवाद में अवरोध उत्पन्न होता है तो हम इससे अछूते नहीं रह सकते। खुद के साथ यदि किसी कारणवश हम संवाद करने में असमर्थ हैं तो फिर जीवन में कितनी ही सुविधाएं क्यूं न हो कमी फिर भी रह ही जाती है और बाकी चीजों के होने का ज्यादा महत्व भी नहीं रह जाता। वहीं यदि प्रकृति के साथ संवाद स्थापित नहीं हो रहा है तो यह तो हमारे लिए सबसे अधिक हानिकारक सिद्ध हो सकता है क्योंकि प्रकृति से ही हम निर्मित हैं और प्रकृति हर समय किसी न किसी रूप में हमसे संपर्क/संवाद स्थापित करने की कोशिश करती है और यदि वह संपर्क ही बाधित हो जाए तो फिर हमारे अस्तित्व का उससे प्रभावित होना अनिवार्य ही है।
उसी प्रकार अपने किसी करीबी से हम संवाद नहीं कर पा रहे हैं अपनी व्यस्तताओं या अन्य किसी भी कारण से तो यह भी हमें जीवन का पूरा आनंद लेने में अवश्य बाधा बनता है। संवाद वास्तव में दो मूर्त या अमूर्त वस्तुओं के मध्य तारतम्यता को बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह एक सेतु है जिससे होकर हम सूचनाओं, भावनाओं और विचारों का विनिमय करते हैं।
वास्तव में जीवन को सरल बनाने में तथा इसका पूरा आनंद उठाने में संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्राची डिमरी
👍
ReplyDelete😊
Deleteअद्भुत बहुत बढ़िया
ReplyDelete🙏
Delete👍👍
ReplyDelete😊
Delete